• होम
  • Blog
  • उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर

उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मजालता इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षाबलों का अभियान बुधवार देर रात से जारी है। इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • September 17, 2026 8:32 am IST, Published 2 hours ago

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मजालता इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षाबलों का अभियान बुधवार देर रात से जारी है। इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने और कश्मीर टाइगर्स या जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी पहचान और संगठन से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर शुरू हुआ अभियान

सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल ने संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद बुधवार देर रात मजालता इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।

इसी दौरान सुरक्षाबलों का सामना आतंकियों से हुआ और दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इलाके में अभियान अभी जारी है।

सुरक्षाबलों ने आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी और कड़ी कर दी है। आतंकियों की तलाश के लिए ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।

घने जंगल और पहाड़ी इलाके के कारण चुनौती

मजालता का इलाका घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन क्षेत्र और आसपास के जंगलों में संदिग्ध आतंकियों की आवाजाही के इनपुट मिल रहे थे। इसके बाद इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया था।

बुधवार रात एहतियात के तौर पर सुरक्षाबलों ने इलाके में कार्रवाई शुरू की। घना जंगल, पहाड़ी इलाका और रात का अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों को चुनौती का सामना करना पड़ा।

राजौरी में तीन ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार

इससे पहले 15 सितंबर को राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कथित ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया था। पुलिस ने मामले में जाकिर हुसैन, मोहम्मद आजम और मोहम्मद मुश्ताक को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में तीनों पर आतंकियों को रसद, सुरक्षित रास्ते और अन्य जमीनी सहायता उपलब्ध कराने के आरोप हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी आतंकियों के मार्गदर्शक के रूप में काम करते थे और उन्हें कश्मीर घाटी की ओर जाने में मदद करते थे।

उधमपुर में जारी मुठभेड़ के बीच सुरक्षाबल पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों की ओर से अभियान पूरा होने और मारे गए आतंकियों की पहचान की पुष्टि के बाद ही इस मामले में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Advertisement