• होम
  • दिल्ली/NCR
  • सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग में 128 खिलाड़ियों का चयन, 8 टीमों का ऐलान

सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग में 128 खिलाड़ियों का चयन, 8 टीमों का ऐलान

खिलाड़ियों को पूरी लीग प्रक्रिया के दौरान भोजन, आवास, यात्रा और पेशेवर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक स्थिति किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए अवसर के रास्ते में बाधा न बने। आज का खिलाड़ी चयन समारोह इसी प्रतिबद्धता की दिशा में एक...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 8, 2026 4:24 pm IST, Published 2 hours ago

नई दिल्ली: सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (एसटीसीएल) के पहले सत्र के लिए बुधवार को नई दिल्ली स्थित ली मेरिडियन में खिलाड़ी चयन समारोह आयोजित किया गया, जहां आठ फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान करने के साथ 128 खिलाड़ियों का चयन किया गया। यह समारोह लीग के आगामी सत्र की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। एसटीसीएल का पहला सत्र 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजस्थान के नाथद्वारा, उदयपुर स्थित मिराज स्टेडियम में आयोजित होगा।

एसटीसीएल के लिए आयोजित खुले चयन परीक्षणों में देश के 10 राज्यों और 11 शहरों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पटना, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर, मुंबई, अलीगढ़, लखनऊ और दिल्ली सहित विभिन्न शहरों में आयोजित परीक्षणों के लिए 15 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 450 खिलाड़ियों को अंतिम चयन शिविर के लिए चुना गया, जबकि अंतिम प्रक्रिया के बाद 128 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

एसटीसीएल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों में छिपी क्रिकेट प्रतिभा को तलाशना और उन्हें बिना किसी शुल्क के क्रिकेट के सपने को पूरा करने का अवसर देना है। लीग के तहत खिलाड़ियों को भोजन, आवास, यात्रा और पेशेवर मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक स्थिति उनकी प्रतिभा और क्रिकेट के सफर में बाधा न बने। समारोह की प्रमुख विशेषता निष्पक्ष और पारदर्शी ड्रॉ आधारित चयन प्रक्रिया रही। टीम मालिकों और प्रशिक्षकों के चयन के बाद खिलाड़ियों को निर्धारित श्रेणियों के आधार पर ड्रॉ के माध्यम से टीमों में शामिल किया गया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सभी टीमों को संतुलित टीम तैयार करने के लिए समान अवसर देना था।

खिलाड़ियों को प्रमुख बल्लेबाज, गेंदबाज, विकेटकीपर, स्पिन गेंदबाज और प्रमुख तेज गेंदबाज सहित विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया और लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आठों टीमों में शामिल किया गया। एसटीसीएल के पहले सत्र में हिस्सा लेने वाली आठ टीमें हैं दिल्ली लीडर्स, गुजरात रॉयल्स, मुंबई मावेरिक्स, पंजाब फाल्कन, हरियाणा लायंस, राजस्थान फ्रंटियर्स, यूपी धुरंधर और तमिलनाडु थंडर्स। खिलाड़ी चयन समारोह में भारतीय क्रिकेट, खेल और मनोरंजन जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।

इनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की पूर्व चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा, पद्मश्री सम्मानित सुशील दोषी, उदयपुर के पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा, एसटीसीएल के ब्रांड एम्बेसडर संग्राम सिंह, मिस यूनिवर्स इंडिया 2023 श्वेता शारदा और अभिनेत्री दिलजोत शामिल रहीं। समारोह में एसटीसीएल के अध्यक्ष राजेश झा, उपाध्यक्ष रवि चिकारा और निदेशक मुकेश कुमार सिंह के साथ टीम मालिक एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

एसटीसीएल के अध्यक्ष राजेश झा ने कहा, “एसटीसीएल ने खिलाड़ियों से पंजीकरण या भागीदारी के लिए एक भी पैसा नहीं लेने का अपना वादा पूरा किया है। खिलाड़ियों को पूरी लीग प्रक्रिया के दौरान भोजन, आवास, यात्रा और पेशेवर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक स्थिति किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए अवसर के रास्ते में बाधा न बने। आज का खिलाड़ी चयन समारोह इसी प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” एसटीसीएल के पहले सत्र के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित युवा खिलाड़ियों को टी-20 क्रिकेट के प्रतिस्पर्धी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। लीग का उद्देश्य उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, पेशेवर अनुभव और आगे बढ़ने के लिए एक व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।

 

 

Advertisement