नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सरकार के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ (greendrive.delhivanmahotsav.in) का आधिकारिक शुभारंभ किया। यह पोर्टल आगामी ‘रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम – एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में दिल्ली सरकार की एक क्रांतिकारी डिजिटल पहल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों से पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ‘दिल्ली ग्रीन वॉरियर्स’ भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित इन स्वयंसेवकों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली ग्रीन वॉरियर्स के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली को हरित एवं स्वच्छ बनाने का यह अभियान सरकार के साथ-साथ जनभागीदारी से ही सफल होगा।
ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ की 4 प्रमुख सुविधाएँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है। अब कोई भी नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए सीधे इस अभियान से जुड़ सकता है। पोर्टल पर निम्नलिखित चार निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं:
-पौधारोपण स्लॉट बुकिंग: नागरिक अपनी सुविधानुसार स्थान और समय का चयन कर वृक्षारोपण के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं।
-‘वृक्ष रथ’ सुविधा: यदि किसी नागरिक, विद्यालय, कार्यालय, आरडब्ल्यूए (RWA) या आवासीय सोसायटी के पास पौधारोपण के लिए पर्याप्त स्थान है, तो दिल्ली सरकार निःशुल्क पौधे सीधे उनके परिसर तक पहुंचाएगी।
-नर्सरी लोकेटर: इस फीचर की मदद से नागरिक अपने निकटतम सरकारी नर्सरी की सटीक लोकेशन जानकर वहां से सीधे निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
-एन्वायरमेंट सेवियर : इस माध्यम से प्रत्येक दिल्लीवासी दिल्ली सरकार के पर्यावरण अभियानों से सीधे जुड़कर एक जिम्मेदार ‘ग्रीन वॉरियर’ के रूप में अपना स्थायी योगदान दे सकेगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक का अभियान है। उन्होंने सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएँ और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा एवं हरित पर्यावरण का उपहार दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा दिल्ली के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा

मुख्य बिंदु एवं आगामी कार्यक्रम
–भव्य शुभारंभ: ‘रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम’ का औपचारिक उद्घाटन जुलाई माह 2026 में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर गृह मंत्री उत्तर से दक्षिण तक रिज क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण करेंगे।
-70 लाख पौधों का लक्ष्य: इस वृहद अभियान के तहत पूरी दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिससे राजधानी के हरित क्षेत्र का अभूतपूर्व विस्तार होगा।
-स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा: पर्यावरण को गति देने के साथ-साथ, इसी कार्यक्रम में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों और नए अंतरराज्यीय मार्गों की बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
-वैज्ञानिक दृष्टिकोण: रिज क्षेत्र की जैव विविधता, कार्बन अवशोषण क्षमता और मिट्टी संरक्षण को मजबूत करने के लिए त्रिस्तरीय वन संरचना विकसित की जाएगी। इसके तहत दिल्ली की मूल एवं दीर्घायु प्रजातियों जैसे पीपल, बरगद, गूलर, नीम, अर्जुन और जामुन का रोपण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली आज एक नए पर्यावरणीय संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि दिल्ली के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ राजधानी का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति, मातृत्व और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल है। हमारा उद्देश्य केवल 70 लाख पौधों का रोपण करना नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को हरित एवं स्वच्छ दिल्ली के निर्माण का सक्रिय सहभागी बनाना है।
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल करते हुए वृक्षारोपण स्थलों का वर्गीकरण किया गया है। इस पोर्टल पर नागरिक अपनी सुविधा अनुसार वृक्षारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं, ‘वृक्ष रथ’ के माध्यम से निःशुल्क पौधों का अनुरोध कर सकते हैं, निकटतम सरकारी नर्सरी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा ‘पर्यावरण प्रहरी’ के रूप में पंजीकरण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ सकते हैं। हमारा प्रयास है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक दिल्लीवासी एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर इसे एक स्थायी जनभागीदारी अभियान का स्वरूप प्रदान करे।

ग्रीन ड्राइव पोर्टल स्वयंसेवकों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), औद्योगिक संस्थानों एवं नागरिक समाज संगठनों को वर्षभर चलने वाले पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ेगा। वृक्षारोपण अभियान केवल चिन्हित स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घरों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों तथा रूफटॉप गार्डन के माध्यम से प्रत्येक उपलब्ध स्थान को हरित आवरण बढ़ाने के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए समग्र रणनीति पर कार्य कर रही है। नई ईवी नीति, यमुना नदी के पुनर्जीवन हेतु आधुनिक सीवेज शोधन अवसंरचना का विकास तथा शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग जैसे प्रभावी कदमों के माध्यम से सरकार स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर एवं टिकाऊ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।”