नयी दिल्ली: राजधानी के माता सुंदरी कॉलेज में शुक्रवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के बैनर तले छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “पेपर लीक नहीं चलेगा” के नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में SFI कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए। छात्रों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। छात्रों ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।
SFI ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।