• होम
  • चुनाव
  • शुभेंदु अधिकारी बनेंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल ने लगाई मुहर

शुभेंदु अधिकारी बनेंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल ने लगाई मुहर

कोलकाता में शुक्रवार को हुई बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी की मौजूदगी में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके नाम का प्रस्ताव […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 8, 2026 6:01 pm IST, Published 4 days ago

कोलकाता में शुक्रवार को हुई बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी की मौजूदगी में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में लंबे समय बाद बीजेपी सरकार बनाने में सफल हुई है। विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज कर मजबूत बहुमत हासिल किया। शुभेंदु अधिकारी राज्य में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

55 वर्षीय शुभेंदु अधिकारी पूर्वी मेदिनीपुर जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म करकुली गांव में हुआ था। राजनीति उनके परिवार की विरासत रही है। उनके पिता शिशिर अधिकारी केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। शुभेंदु ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और वर्ष 1995 में पहली बार कंटई नगर पालिका के पार्षद चुने गए थे।

बाद में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा और राज्य की राजनीति में तेजी से अपनी पहचान बनाई। नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका ने उन्हें बंगाल की राजनीति का बड़ा चेहरा बना दिया। वर्ष 2009 और 2014 में वे तामलुक लोकसभा सीट से सांसद भी चुने गए।

दिसंबर 2020 में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली थी। इसके बाद 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर देते हुए जीत हासिल की। इस जीत ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में भी खास पहचान दिलाई। पिछले पांच वर्षों तक वे पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते रहे।

शुभेंदु अधिकारी का परिवार भी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है। उनके भाई दिब्येंदु अधिकारी सांसद और विधायक रह चुके हैं, जबकि दूसरे भाई सौमेंद्र अधिकारी भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। शुभेंदु अधिकारी अविवाहित हैं और उन्हें संगठन व जनसंपर्क की राजनीति का मजबूत चेहरा माना जाता है।

जानकारी के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके नेतृत्व में बीजेपी सरकार से राज्य में नई राजनीतिक दिशा और प्रशासनिक बदलावों की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement