• होम
  • हरियाणा
  • रोहतक में गैंगवार: होटल में खाना खा रहे 4 युवकों की गोलियों से भूनकर हत्या

रोहतक में गैंगवार: होटल में खाना खा रहे 4 युवकों की गोलियों से भूनकर हत्या

 30 राउंड फायरिंग; हिमांशु भाऊ गैंग पर आरोप रोहतक। हरियाणा के रोहतक में गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने अचानक होटल में पहुंचकर अंधाधुंध […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 27, 2026 6:18 am IST, Published 6 minutes ago

 30 राउंड फायरिंग; हिमांशु भाऊ गैंग पर आरोप

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने अचानक होटल में पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात में करीब 30 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।

घटना खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। इस वारदात के पीछे हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाशों का हाथ होने का आरोप है। मृतकों में तीन युवक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि चौथे युवक का किसी गैंग से संबंध नहीं था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

चार युवकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) और बेरी निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है। चारों युवक होटल में खाना खा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चारों शवों को रोहतक स्थित पीजीआई के डेडहाउस में रखवाया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी।

सोशल मीडिया पोस्ट में भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें भाऊ गैंग की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने की बात कही गई है।

पोस्ट में विरोधियों को धमकी देते हुए कहा गया है कि गैंग की दुश्मनी अभी खत्म नहीं हुई है और आगे भी बदले की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सात साल पुरानी है गैंगवार की दुश्मनी

जानकारी के मुताबिक, रिटौली गांव के सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच वर्ष 2019 से दुश्मनी चली आ रही है। करीब सात साल से जारी इस गैंगवार में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। ताजा वारदात ने एक बार फिर हरियाणा में सक्रिय गैंगों के बीच खूनी संघर्ष को चर्चा में ला दिया है।

पुलिस ने बनाई 10 टीमें, जांच शुरू

मामले में IMT थाना पुलिस ने रिंकू के चचेरे भाई मन्नु की शिकायत पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।

इस वारदात ने पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने चार युवकों की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ गैंगवार के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने की चुनौती है।

Advertisement