नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मैगी नूडल्स में कीड़े मिलने की सोशल मीडिया पर आई शिकायतों के बाद मैन्युफैक्चरिंग कंपनी नेस्ले इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FSSAI ने कड़ा रुख अपनाते हुए नेस्ले को तुरंत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने और प्रभावित बैच को बाजार से वापस लेने (रिकॉल करने) का आदेश दिया है। इसके साथ ही, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर फास्ट-फूड चेन KFC और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट को भी नोटिस भेजा गया है।
कच्चे माल और टेस्टिंग का रिकॉर्ड: कंपनी को यह बताना होगा कि प्रभावित बैच के लिए कच्चा माल किस सप्लायर से लिया गया था और पैकेजिंग से पहले उसकी क्वालिटी जांच कैसे की गई थी।
बाजार से स्टॉक हटाना: शिकायत वाले बैच और उससे जुड़े प्रोडक्ट्स को सप्लाई चेन से हटाने के लिए कंपनी ने अब तक क्या कदम उठाए हैं, इसकी पूरी जानकारी देनी होगी।
भविष्य के लिए सुधार योजना: FSSAI ने पूछा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कंपनी अपने क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम में क्या बदलाव कर रही है।
FSSAI ने केवल नेस्ले ही नहीं, बल्कि अन्य प्रमुख ब्रांड्स पर भी नकेल कसी है:
KFC: आउटलेट्स पर साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़ी शिकायतों को लेकर नोटिस जारी किया गया है।
फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट: खजूर (Dates) के एक प्रोडक्ट में कीड़े मिलने की शिकायत पर इन दोनों कंपनियों से जवाब तलब किया गया है।
दूसरी ओर, नेस्ले इंडिया ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा:
“हम सोशल मीडिया पर चल रहे इन आरोपों को पूरी तरह से नकारते हैं। जिस अकाउंट से यह शिकायत की गई है, वह अभी रीचेबल (संपर्क से बाहर) है, जिसके कारण हमें जांच के लिए प्रोडक्ट का सैंपल नहीं मिल पाया है।”
कंपनी ने आगे स्पष्ट किया कि उन्होंने इस बैच से जुड़े सभी क्वालिटी रिकॉर्ड्स, मार्केट सैंपल्स और टेस्ट रिपोर्ट्स को पहले ही संबंधित अधिकारियों के सामने पेश कर दिया है।
बता दें कि इससे पहले साल 2015 में भी मैगी में तय मात्रा से अधिक लेड (शीशा) पाए जाने के बाद FSSAI ने इस पर कड़ा एक्शन लिया था, जिसके कारण मैगी पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया था। FSSAI का कहना है कि वे उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे और सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।