नई दिल्ली। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश जारी है। बारिश का सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के इस सिस्टम का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को कई इलाकों में बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शनिवार को प्रदेश के 13 जिलों में कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
इन जिलों में लखनऊ, गोरखपुर, शाहजहांपुर, अमेठी, चित्रकूट, प्रयागराज, लखीमपुर, बहराइच और बस्ती समेत अन्य जिले शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के कारण मध्य प्रदेश में एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय है। इसके प्रभाव से 25 और 26 सितंबर को 13 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के अलर्ट को देखते हुए सतना जिले में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
झारखंड में भी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर दिखाई दे रहा है। जमशेदपुर में पिछले तीन दिनों से तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
स्वर्णरेखा और खरकई नदियां खतरे के स्तर के करीब तेज बहाव के साथ बह रही हैं। इससे नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।