नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET-UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें से 11.21 लाख छात्र-छात्राएं मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की। परीक्षा में 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक, जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
एनटीए के अनुसार, टॉप स्कोरर्स में 93 प्रतिशत से अधिक छात्र पहली बार परीक्षा देने वाले हैं। वहीं, 99 प्रतिशत टॉप रैंकर्स की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच है। कुल क्वालिफाई उम्मीदवारों में छात्राओं की संख्या अधिक रही और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया।
उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के चलते रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून 2026 को देश और विदेश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।
पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने NEET परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 2027 से NEET-UG परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।
हालांकि, परीक्षा का सिलेबस, प्रश्नों की संख्या, विषय और मार्किंग स्कीम पहले जैसी ही रहेगी। नए सिस्टम के तहत छात्रों को परीक्षा से पहले मॉक टेस्ट और डेमो की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे ऑनलाइन परीक्षा के प्रारूप से अच्छी तरह परिचित हो सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा लागू होने से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनेगी।