• होम
  • देश
  • परिसीमन फॉर्मूले पर थरूर के सवाल, DMK को नसीहत; उत्तर-दक्षिण सत्ता अंतर बढ़ेगा?

परिसीमन फॉर्मूले पर थरूर के सवाल, DMK को नसीहत; उत्तर-दक्षिण सत्ता अंतर बढ़ेगा?

थरूर के तर्क के मुताबिक, इस व्यवस्था में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि होगी, लेकिन उत्तर प्रदेश और केरल के बीच सीटों का अंतर मौजूदा 60 से बढ़कर 90 हो जाएगा।

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 28, 2026 2:30 pm IST, Published 17 hours ago
परिसीमन को लेकर देश की राजनीति में बहस लगातार तेज होती जा रही है। खासकर उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के संभावित बंटवारे को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक उदाहरण के जरिए केंद्र सरकार के 50 प्रतिशत सीट वृद्धि के फॉर्मूले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वेतन में बढ़ोतरी का उदाहरण देते हुए समझाने की कोशिश की कि सभी राज्यों की सीटों में समान प्रतिशत से वृद्धि होने के बावजूद राजनीतिक ताकत का अंतर कम होना जरूरी नहीं है।

शशि थरूर के मुताबिक, परिसीमन में यदि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है, तो पहली नजर में यह व्यवस्था समान और संतुलित दिखाई दे सकती है। लेकिन वास्तविकता में इसका असर राज्यों के बीच पहले से मौजूद राजनीतिक अंतर को और बढ़ा सकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और केरल का उदाहरण देते हुए इस गणित को समझाया।

प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें मौजूदा 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं। इस तरह राज्य को 40 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। वहीं तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 होने पर उसे 20 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। केरल की सीटें 20 से बढ़कर 30 होने की स्थिति में उसे 10 सीटों का फायदा होगा।

थरूर के तर्क के मुताबिक, इस व्यवस्था में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि होगी, लेकिन उत्तर प्रदेश और केरल के बीच सीटों का अंतर मौजूदा 60 से बढ़कर 90 हो जाएगा। यानी प्रतिशत के हिसाब से वृद्धि समान होने के बावजूद दोनों राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अंतर और बड़ा हो सकता है।

इसी बात को समझाने के लिए थरूर ने एक वेतन संबंधी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर दो लाख रुपये महीने कमाता है और उसका ड्राइवर 20 हजार रुपये पाता है, तो दोनों की आय का अनुपात 10:1 होता है। अब यदि दोनों के वेतन में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी जाए, तो मैनेजिंग डायरेक्टर की सैलरी तीन लाख रुपये और ड्राइवर की सैलरी 30 हजार रुपये हो जाएगी।

इस स्थिति में भी दोनों की आय का अनुपात 10:1 ही रहेगा। लेकिन दोनों के बीच वास्तविक आर्थिक अंतर पहले के एक लाख 80 हजार रुपये से बढ़कर दो लाख 70 हजार रुपये हो जाएगा। थरूर का कहना है कि इसी तरह सीटों में समान प्रतिशत की बढ़ोतरी होने से राज्यों के बीच मौजूद राजनीतिक शक्ति का अंतर भी बढ़ सकता है।

उन्होंने इस उदाहरण के माध्यम से भाजपा की परिसीमन संबंधी रणनीति पर सवाल उठाए। उनका तर्क है कि केवल प्रतिशत वृद्धि को समानता का आधार मानना पर्याप्त नहीं है। यह देखना भी जरूरी है कि नई व्यवस्था में अलग-अलग राज्यों की वास्तविक राजनीतिक हिस्सेदारी कितनी होगी और संसद में उनकी आवाज कितनी प्रभावशाली रहेगी।

थरूर ने DMK के रुख पर भी निराशा जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को परिसीमन के व्यापक प्रभावों को समझे बिना केवल इसआधार पर सहमत नहीं होना चाहिए कि सभी राज्यों को समान प्रतिशत में सीटें मिल रही हैं। उनके अनुसार, किसी प्रस्ताव का मूल्यांकन उसके दीर्घकालिक राजनीतिक परिणामों के आधार पर किया जाना चाहिए।

दरअसल, तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों की चिंता यह है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में यदि परिसीमन में जनसंख्या को प्रमुख आधार बनाया जाता है, तो भविष्य में संसद में उनका प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम प्रभावशाली हो सकता है। इसी मुद्दे पर DMK ने दो प्रमुख शर्तें रखी हैं। पहली, तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में उसकी मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी,1971 की जनसंख्या के आधार पर निर्धारित राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रहना चाहिए।

हालांकि, समान प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव इन चिंताओं का समाधान करता है या नहीं, यह परिसीमन की अंतिम व्यवस्था और उसके संवैधानिक प्रावधानों पर निर्भर करेगा। थरूर की दलील ने इस बहस को एक नया आयाम दिया है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि किस राज्य को कितनी अतिरिक्त सीटें मिलेंगी, बल्कि यह भी है कि भविष्य की संसद में राज्यों के बीच राजनीतिक शक्ति का संतुलन किस तरह तय होगा।

परिसीमन पर जारी इस बहस में आने वाले दिनों में कांग्रेस, भाजपा और दक्षिण भारतीय दलों का रुख महत्वपूर्ण रहने वाला है। खासतौर पर यह देखना होगा कि केंद्र सरकार राज्यों की चिंताओं को किस तरह संबोधित करती है और क्या सभी राजनीतिक दल किसी साझा सहमति तक पहुंच पाते हैं।

 

Advertisement