नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में मानसून के उग्र रूप को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों के लिए अगले 12 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है, जिससे पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश का अनुमान है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा और गोरखपुर समेत कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं बिहार के पटना, गया, भोजपुर और दरभंगा सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, पर्यटकों और नदी किनारे रहने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिणी गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
इसके अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।