चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राज्य के आठ प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल दरों में 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें मंगलवार से प्रभावी हो गई हैं।
इस फैसले के बाद चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, मौड़ और संगरूर की ओर यात्रा करने वाले निजी वाहन चालकों और व्यावसायिक वाहनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
घुलाल टोल प्लाजा (चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना हाईवे)
कोट करोर टोल प्लाजा (अमृतसर-तरनतारन-हरिके-फरीदकोट-बठिंडा NH-15)
काला टिब्बा टोल प्लाजा
शेखूपुरा टोल प्लाजा
लहराबेगा टोल प्लाजा
खुइयां सरवर टोल प्लाजा
कालाझार टोल प्लाजा
पाइंड टोल प्लाजा
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, टोल दरों में यह संशोधन थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित टोल निर्धारण प्रणाली के तहत किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष जिन टोल प्लाजा पर शुल्क में कमी की गई थी, उन्हें संशोधित व्यवस्था के तहत दोबारा बहाल किया गया है।
बताया गया है कि पंजाब और हरियाणा क्षेत्र के 50 से अधिक टोल प्लाजा पर नई दरें अधिसूचित की गई हैं। ऐसे में नियमित रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों के परिचालकों की यात्रा लागत में बढ़ोतरी होगी।