• होम
  • राजस्थान
  • अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस में लगी भीषण आग, सभी 47 यात्री सुरक्षित

अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस में लगी भीषण आग, सभी 47 यात्री सुरक्षित

उदयपुर। अमरनाथ यात्रा से लौट रहे राजस्थान के सलूंबर जिले के श्रद्धालुओं की बस जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, लेकिन समय रहते सभी 47 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यात्रियों का सामान, नकदी और मोबाइल फोन […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 18, 2026 9:25 am IST, Published 2 hours ago

उदयपुर। अमरनाथ यात्रा से लौट रहे राजस्थान के सलूंबर जिले के श्रद्धालुओं की बस जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, लेकिन समय रहते सभी 47 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यात्रियों का सामान, नकदी और मोबाइल फोन आग में जलकर नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, सलूंबर जिले के सराड़ा ब्लॉक के ढाकड़ा गांव के 47 श्रद्धालु दो बसों में 9 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। गुरुवार शाम बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटते समय रामबन जिले के करोल क्षेत्र में उनकी बस का टायर अचानक फट गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टायर फटने के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

पीछे चल रही दूसरी बस में सवार श्रद्धालु देवीलाल डांगी ने बताया कि ट्रैफिक रुकने पर अन्य वाहन चालकों ने बस चालक को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद चालक ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिंह खटाना ने बताया कि जवानों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता करने और उनके सुरक्षित राजस्थान लौटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए राहत और रात में जम्मू में ठहरने की व्यवस्था भी की।

Advertisement