जयपुर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाल ही में राजस्थान के जयपुर में बस और ट्रक की बॉडी बनाने वाली एक वर्कशॉप पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां काम करने वाले कारीगरों और इस उद्योग से जुड़े लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे उनके मुद्दों को उठाएंगे। राहुल गांधी ने सोमवार को इस मुलाकात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ सिर्फ नारे बनकर रह गए हैं और मोदी सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी खराबी के कारण बसों में लगने वाली आग का दोष उन कारीगरों पर मढ़ा जा रहा है, जिनका काम केवल गाड़ी की बॉडी तैयार करना होता है।
कारीगरों और कर्मचारियों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि जयपुर की इस बस-ट्रक बॉडी बिल्डिंग वर्कशॉप में ऐसा भारत दिखाई देता है, जो अपने हाथों से न सिर्फ रोजगार पैदा करता है बल्कि देश की रफ्तार भी तय करता है।
उन्होंने चिंता जताई कि छोटे उद्योगों के बंद होने से केवल फैक्ट्रियां ही बंद नहीं होतीं, बल्कि लोगों का हुनर और रोजगार भी हमेशा के लिए खत्म हो जाता है। उन्होंने कारीगरों का हक न छिनने देने की बात कही। राहुल गांधी के अनुसार, फेरारी और रोल्स-रॉयस जैसी कंपनियों के स्तर का हुनर रखने वाले इन कारीगरों को मदद मिलने के बजाय नियमों के भारी बोझ तले अपना काम बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।