जयपुर में 100 साल पुरानी हवेली से मिला खजाना

66 किलो चांदी बरामद; ठेकेदार समेत 5 गिरफ्तार जयपुर। जयपुर पुलिस ने करीब 10 महीने पुराने खजाना चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ठेकेदार समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 66 किलो 400 ग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये बताई […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 9, 2026 7:47 am IST, Published 29 minutes ago

66 किलो चांदी बरामद; ठेकेदार समेत 5 गिरफ्तार

जयपुर। जयपुर पुलिस ने करीब 10 महीने पुराने खजाना चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ठेकेदार समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 66 किलो 400 ग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित करीब 100 वर्ष पुरानी हवेली से जुड़ा है। हवेली को तोड़ने के दौरान ठेकेदार और चार श्रमिकों को दीवार के अंदर एक पुरानी तिजोरी मिली थी। तिजोरी में चांदी की सिल्लियां, सिक्के और कीमती आभूषण रखे हुए थे।

तिजोरी में मिला था चांदी और सोने का खजाना

पुलिस जांच में सामने आया कि हवेली के मालिक राहुल सेठी ने करीब 10 महीने पहले जर्जर पुश्तैनी हवेली को गिराकर नया निर्माण कराने का ठेका महेश मल्होत्रा को दिया था।

हवेली तोड़ने के दौरान ठेकेदार महेश और उसके साथ काम कर रहे चार श्रमिकों को जंग लगी पुरानी तिजोरी मिली। आरोप है कि उन्होंने इसकी जानकारी हवेली मालिक को देने के बजाय खजाने को आपस में बांट लिया।

राहुल सेठी को करीब एक महीने पहले किसी व्यक्ति से पुरानी तिजोरी में खजाना मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में खुला खजाने का राज

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और ठेकेदार व श्रमिकों से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपितों ने हवेली तोड़ने के दौरान तिजोरी मिलने की बात स्वीकार कर ली।

हवेली मालिक ने पुलिस को बताया था कि तिजोरी में करीब 45 किलो वजन की 10 से 15 चांदी की सिल्लियां, लगभग 15 सोने के सिक्के और 8 से 10 हजार चांदी के सिक्के होने की जानकारी मिली थी।

खजाने से खरीदी मशीनरी, चांदी जंगल में दबाई

पुलिस के मुताबिक, खजाना मिलने के बाद ठेकेदार महेश ने कथित तौर पर एक जेसीबी मशीन, कुछ ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी खरीदी थी।

वहीं, आरोपितों ने खजाने में मिली कुछ चांदी और आभूषण बेच दिए। हालांकि, करीब 66 किलो चांदी को उन्होंने जयपुर के जामडोली इलाके के जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिया था।

आरोपितों की योजना इस चांदी को बाद में निकालकर बेचने की थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जंगल से चांदी बरामद कर ली।

पांच आरोपित गिरफ्तार

जयपुर पुलिस ने मामले में ठेकेदार महेश मल्होत्रा के अलावा श्रमिक जगदीश, रजत, अनुज और पप्पू को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तिजोरी में कुल कितना खजाना था और आरोपितों ने अब तक कितनी चांदी व आभूषण बेच दिए हैं।

पुलिस मामले में बरामद खजाने की कीमत और उसके वास्तविक स्रोत की भी जांच कर रही है।

Advertisement