लखनऊः केंद्रीय मंत्री और चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के विस्तार को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विधानसभा चुनाव लड़ने की दिशा में भी काम कर रही है।
चिराग पासवान ने बताया कि पार्टी ने इस वर्ष अपने संस्थापक और उनके पिता रामविलास पासवान की जयंती का मुख्य समारोह लखनऊ में आयोजित करने का निर्णय लिया है। उनके अनुसार यह फैसला उत्तर प्रदेश में पार्टी की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे देश में अपने संगठन का विस्तार कर रही है और इसी क्रम में उत्तर प्रदेश को भी महत्वपूर्ण राज्य के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि भविष्य के चुनावों में प्रभावी भूमिका निभाई जा सके।
चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है। हालांकि गठबंधन की स्थिति, सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर पहले राज्य इकाई विचार-विमर्श करेगी, जिसके बाद केंद्रीय संसदीय दल अंतिम निर्णय लेकर उस पर मुहर लगाएगा।
यूपी में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की यह पहल आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक आधार मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।