नई दिल्ली: संसद के आगामी मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस आज अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने जा रही है। कांग्रेस संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार सुबह 10 बजे सोनिया गांधी के आवास पर आयोजित होगी। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के वरिष्ठ सांसद हिस्सा लेंगे।
बैठक में 20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका, संसद में उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों और सरकार को विभिन्न विषयों पर घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा संसद में विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
कांग्रेस नेतृत्व का प्रयास रहेगा कि मानसून सत्र में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संसद के भीतर उठाया जाए। इसी उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं और सांसदों के साथ यह बैठक बुलाई गई है, ताकि सत्र के दौरान पार्टी का रुख और रणनीति स्पष्ट रूप से तय की जा सके।