वडोदरा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एयर इंडिया AI-171 विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द जारी करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और सरकार का पूरा ध्यान हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने पर है।
वडोदरा में गति शक्ति विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) को जांच के लिए सभी आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर दुर्घटना की जांच में जल्दबाजी नहीं की जा सकती, क्योंकि इससे सच्चाई तक पहुंचने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार चाहती है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर हो, ताकि हादसे के असली कारण सामने आ सकें। उन्होंने मृतकों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय तभी मिलेगा, जब जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से पूरी होगी।
उन्होंने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) स्वतंत्र रूप से जांच कर रहा है और किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 14 जुलाई को AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी थी कि हादसे की ड्राफ्ट अंतिम जांच रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़े विमान हादसों की जांच शिकागो कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के निर्धारित नियमों के तहत की जाती है।
उल्लेखनीय है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 260 लोगों की जान गई, जिनमें 229 यात्री, 12 चालक दल के सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जाती है।