नई दिल्ली। जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद धरनास्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल कॉकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को उनकी इच्छा के विरुद्ध धरनास्थल से हटाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से ले जाकर अनुचित व्यवहार किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की तीखी आलोचना की और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी सवाल उठाए।
दीपके ने यह भी आरोप लगाया कि पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस का रवैया संवेदनहीन रहा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सोनम वांगचुक को धरनास्थल से हटाया गया, उससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी है।
View this post on Instagram
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की। उनका कहना था कि देश के नागरिकों को इस मुद्दे पर आगे आकर अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।