नई दिल्ली | टीबी मुक्त भारत और स्वस्थ भारत, विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के केंद्रीय क्षय रोग प्रभाग (CTD) ने दिल्ली राज्य टीबी प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) एवं एसएनए प्रभाग के सहयोग से कर्तव्य भवन-I में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया।
शिविर का उद्घाटन सुश्री आराधना पटनायक, अपर सचिव एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोगों की समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है।
शिविर में लगभग 520 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 491 लाभार्थियों का पंजीकरण कर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की गई। रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, बीएमआई, डिजिटल चेस्ट एक्स-रे तथा आवश्यकता अनुसार टीबी की एनएएटी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित निक्षय वाहन के माध्यम से स्थल पर ही जांच एवं नमूना संग्रहण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
यह पहल न केवल कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण है।