• होम
  • दिल्ली/NCR
  • दिल्ली में यमुना सफारी का ट्रायल रन, छठ से पहले शुरू हो सकती है क्रूज सेवा

दिल्ली में यमुना सफारी का ट्रायल रन, छठ से पहले शुरू हो सकती है क्रूज सेवा

कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना रिवर सफारी एक अद्भुत परियोजना है। केंद्र सरकार, डीडीए, दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन के साझा प्रयासों से यह परियोजना साकार हो रही है। बोट राइड, म्यूजिक फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और फूड पार्क के साथ दिल्लीवासियों और पर्यटकों को एक सुंदर रिवर अनुभव मिलेगा। एनजीटी और पर्यावरण के सभी मानकों का पालन किया गया है

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 26, 2026 3:35 pm IST, Published 56 minutes ago

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री  रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी पर विकसित की जा रही क्रूज सेवा का ट्रायल रन और निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, संचालन व्यवस्था और यात्रियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मां यमुना के साथ लोगों का भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव अत्यंत गहरा है। यमुना सफारी की शुरुआत इस जुड़ाव को एक नया आयाम देने के साथ-साथ राजधानी में पर्यटन और मनोरंजन की नई संभावनाओं को भी साकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजना छठ महापर्व से पहले यमुना सफारी का औपचारिक शुभारंभ करने की है ताकि दिल्लीवासी इस विशेष अनुभव का आनंद ले सकें। जिस प्रकार देश के अन्य शहरों में नदियों पर नौका विहार लोगों को शांति, सुकून और प्रकृति के निकट आने का अवसर प्रदान करता है, उसी प्रकार दिल्ली में भी लोग मां यमुना के दर्शन करते हुए क्रूज का आनंद ले सकेंगे। यह पहल परिवारों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

यमुना सफारी से पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग छह किलोमीटर के जलमार्ग पर विकसित की जा रही यह क्रूज सेवा दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। नदी के आसपास उपलब्ध सुविधाओं को विकसित करके इस क्षेत्र को दिल्लीवासियों के लिए एक आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल बनाया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स ज़ोन और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

30 यात्रियों की क्षमता, 45 मिनट का होगा सफर

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाली क्रूज इस मार्ग पर संचालित करने की तैयारी की गई है। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक आने-जाने का पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा। यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार का अनुभव मिलेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। इस सेवा का ट्रायल रन लगभग एक सप्ताह तक चलाने की योजना है। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में इसका औपचारिक शुभारंभ की तैयारी की जा रही है। अंतिम तिथि निर्धारित होने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की एक पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

Gauravshali Bharat

केंद्र और दिल्ली सरकार के विभागों के समन्वय से साकार हुई पहल

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को साकार करने में सहयोग देने वाले केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से दिल्ली में पर्यटन के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इस परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित संबंधित एजेंसियां शामिल हैं।

यमुना रिवर सफारी और भव्य छठ पूजा की तैयारियां तेज

दिल्ली के पर्यटन मंत्री  कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना रिवर सफारी एक अद्भुत परियोजना है। केंद्र सरकार, डीडीए, दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन के साझा प्रयासों से यह परियोजना साकार हो रही है। बोट राइड, म्यूजिक फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और फूड पार्क के साथ दिल्लीवासियों और पर्यटकों को एक सुंदर रिवर अनुभव मिलेगा। एनजीटी और पर्यावरण के सभी मानकों का पालन किया गया है। मुख्यमंत्री जी ने छठ पूजा से पहले इसे जनता के लिए खोलने की घोषणा की है। इस बार भी यमुना तट पर भव्य छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।

 

Advertisement