नई दिल्ली। दुनिया की धार्मिक आबादी में आने वाले दशकों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर की 18 नवंबर 2026 को जारी नई रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। वर्तमान में ईसाई धर्म दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह है, जबकि इस्लाम दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट का अनुमान है कि मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर अधिक रहने के कारण अगले कुछ वर्षों में यह स्थिति बदल सकती है।
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट द फ्यूचर ऑफ वर्ल्ड रिलिजन्स में वर्ष 2020 से 2070 तक दुनिया के प्रमुख धर्मों की आबादी का अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो जाएगी। इस तरह मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है।
मुस्लिम आबादी बढ़ने के पीछे क्या हैं कारण?
रिपोर्ट के मुताबिक, धार्मिक आबादी में इस बदलाव के पीछे प्रमुख कारण अलग-अलग समुदायों की प्रजनन दर और आयु संरचना है। वर्ष 2020 से 2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चों का जन्म हुआ, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 रहा। अन्य धार्मिक समूहों में औसत प्रजनन दर 1.6 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई।
इसके अलावा मुस्लिम आबादी का अपेक्षाकृत युवा होना भी इसकी वृद्धि का एक महत्वपूर्ण कारण माना गया है। हालांकि, रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि ये आंकड़े मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझानों के आधार पर तैयार किए गए अनुमान हैं, न कि भविष्य की निश्चित स्थिति।
2070 तक 3.6 अरब से ज्यादा हो सकती है मुस्लिम आबादी
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या लगभग 2.96 अरब रहने का अनुमान है। वैश्विक आबादी में मुस्लिमों की हिस्सेदारी 2020 के 26 प्रतिशत से बढ़कर 2070 में करीब 36 प्रतिशत हो सकती है। वहीं ईसाई आबादी की हिस्सेदारी लगभग 29 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
भारत में भी धार्मिक आबादी के अनुपात में बदलाव का अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की संख्या लगभग 17.6 करोड़ बढ़ सकती है। हालांकि, कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 79.4 प्रतिशत से घटकर करीब 75.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
दूसरी ओर, मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 2020 के 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 2070 में लगभग 19.6 प्रतिशत हो सकती है। रिपोर्ट में इसके पीछे मुस्लिम समुदाय की अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर और युवा आयु संरचना को प्रमुख कारण बताया गया है। इसके बावजूद 2070 तक भारत की तीन-चौथाई से अधिक आबादी हिंदू रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट में अमेरिका में हिंदू आबादी को लेकर भी महत्वपूर्ण अनुमान दिया गया है। वर्ष 2020 में अमेरिका में लगभग 40 लाख हिंदू रहते थे। यह संख्या 2070 तक बढ़कर करीब 90 लाख हो सकती है। इसके साथ ही अमेरिका की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी एक प्रतिशत से बढ़कर दो प्रतिशत होने का अनुमान है।
हालांकि, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन क्षेत्र में हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
पाकिस्तान बनेगा सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2070 तक पाकिस्तान दुनिया का सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। वर्तमान में यह स्थान इंडोनेशिया के पास है। अनुमान है कि पाकिस्तान के बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा।
विशेषज्ञों के लिए यह रिपोर्ट केवल धर्मों की संख्या में होने वाले बदलाव का अनुमान नहीं है, बल्कि दुनिया की बदलती जनसांख्यिकी को समझने का भी एक महत्वपूर्ण आधार है। इसमें जन्म दर, मृत्यु दर, लोगों की आयु, प्रवास और धर्म परिवर्तन जैसे कारकों को शामिल किया गया है।
हालांकि, इन अनुमानों को निश्चित भविष्यवाणी नहीं माना जा सकता। आने वाले दशकों में सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के अनुसार आंकड़ों में बदलाव संभव है। इतना जरूर है कि अगले पांच दशकों में दुनिया की धार्मिक आबादी का स्वरूप पहले से अलग हो सकता है।