लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी दुकानदारों को अपनी दुकान पर नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह और फेक न्यूज फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलावट, ओवररेटिंग, अव्यवस्था फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि डीजे का उपयोग करें, लेकिन ध्वनि निर्धारित मानकों के भीतर ही रखें ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
सीएम योगी ने मेरठ जोन की कांवड़ यात्रा प्रबंधन व्यवस्था की सराहना करते हुए उसे पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब कांवड़ यात्रा पूरे उत्तर प्रदेश का बड़ा आयोजन बन चुकी है, इसलिए सभी जिलों में एक जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की दुकानें बंद रहेंगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और अधिक कीमत वसूलने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तुरंत खंडन करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, वहां घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए। संभावित बाढ़ और कटाव वाले इलाकों में पहले से सभी आवश्यक इंतजाम पूरे रखे जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कोटेदारों के उत्पीड़न की शिकायतों पर चिंता जताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और विजिलेंस जांच के निर्देश दिए। वहीं बिजली उपभोक्ताओं की ओवर बिलिंग की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और वास्तविक खपत के आधार पर बिल जारी करने के भी आदेश दिए।
इस वर्ष सावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है, जबकि 3 अगस्त को पहला सावन सोमवार पड़ेगा। इस दिन प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।