• होम
  • दिल्ली/NCR
  • दिल्ली में विधायकों की SUV ने स्विफ्ट को मारी टक्कर, 6 घायल

दिल्ली में विधायकों की SUV ने स्विफ्ट को मारी टक्कर, 6 घायल

पीड़ित का आरोप- तेज रफ्तार में सड़क का एंगल तोड़कर मारी कार नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार रात एक तेज रफ्तार SUV ने स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि SUV में दिल्ली के किराड़ी से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक अनिल झा […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 24, 2026 8:31 am IST, Published 2 hours ago

पीड़ित का आरोप- तेज रफ्तार में सड़क का एंगल तोड़कर मारी कार

नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार रात एक तेज रफ्तार SUV ने स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि SUV में दिल्ली के किराड़ी से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक अनिल झा और कर्नाटक के भाजपा विधायक अभय पाटिल सवार थे।

हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही इनोवा पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद रेलिंग पार कर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से भिड़ गई।

पीड़ित का आरोप- पीछे से तेज रफ्तार में आई थी गाड़ी

स्विफ्ट चला रहे 32 वर्षीय आशुतोष पांडे ने आरोप लगाया कि पीछे से आ रही गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी और उसने सड़क का एंगल काटते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी।

आशुतोष ने बताया, “मैं ITO की रेड लाइट से दाहिनी तरफ मुड़ा था। मेरी गाड़ी की स्पीड करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। पुलिस मुख्यालय के पास पहुंचते ही पीछे से एक गाड़ी तेज रफ्तार में आई और सड़क का एंगल तोड़ते हुए मेरी कार को टक्कर मार दी।”

उन्होंने कहा कि टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी। हादसे के समय उनकी पत्नी और दो बच्चे भी कार में मौजूद थे।

हादसे में दोनों वाहनों को भारी नुकसान

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं SUV के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया है कि विधायकों जिस इनोवा में सवार थे, उस पर ‘कर्नाटक सरकार’ लिखा हुआ था। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विधायक अनिल झा AAP में हैं, पहले भाजपा में थे

अनिल झा दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बजरंग शुक्ला को 21,871 वोटों के अंतर से हराया था।

50 वर्षीय अनिल झा पेशे से राजनेता और अधिवक्ता हैं। उन्होंने IGNOU से लाइब्रेरी साइंस में एमए किया है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, 2025 में उन्होंने अपनी संपत्ति करीब 4.33 करोड़ रुपये घोषित की थी।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की भूमिका की जांच कर रही है।

Advertisement