नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन पर रूस के ताजा ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में 12 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को हमले की जानकारी दी।
जेलेंस्की के मुताबिक, रूसी हमलों में दर्जनों लोग घायल हुए हैं। कई आवासीय इमारतों और अन्य नागरिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। हमलों के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
इसी बीच रूस-यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती का मामला भी सामने आया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अनुसार, अब तक 227 भारतीय नागरिक रूसी सेना में भर्ती किए गए हैं।
इनमें से 51 भारतीयों की मोर्चे पर मौत हो चुकी है, जबकि 139 भारतीयों को रूसी सेना से मुक्त कराया जा चुका है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि रूसी सेना में अभी भी मौजूद भारतीय नागरिकों की रिहाई और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए रूस के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।
भारत सरकार इस मामले में रूसी अधिकारियों के साथ संपर्क में है और शेष भारतीयों की जल्द रिहाई एवं स्वदेश वापसी के प्रयास जारी हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय नागरिकों के रूसी सेना में शामिल होने और उनके युद्ध क्षेत्र में पहुंचने का मुद्दा लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। ताजा हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि के बाद इस मामले को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
भारत सरकार का प्रयास है कि रूसी सेना में शामिल भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द मुक्त कराकर सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।