• होम
  • राजस्थान
  • जयपुर समेत बड़े शहरों में कल मतदान, 18 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में

जयपुर समेत बड़े शहरों में कल मतदान, 18 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में

जयपुर: राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को संपन्न हुआ, जिसमें 76.41 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अब शुक्रवार, 11 सितंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान को लेकर […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • September 10, 2026 11:17 am IST, Published 2 hours ago
जयपुर: राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को संपन्न हुआ, जिसमें 76.41 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अब शुक्रवार, 11 सितंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान को लेकर प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। मतदान दलों के कर्मचारी भी अपने-अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हो रहे हैं।

दूसरे चरण में राज्य के 147 निकायों के 4,774 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 9,758 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चरण में 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन मतदाताओं के वोट से 18,266 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत ईवीएम में दर्ज होगी। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

दूसरे चरण को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राज्य के कई बड़े नगर निगम भी शामिल हैं। जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर जैसे प्रमुख शहरों में मतदाता अपने स्थानीय प्रतिनिधियों के लिए वोट करेंगे। जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड हैं, जबकि जोधपुर और कोटा नगर निगम में 100-100 वार्ड हैं। बीकानेर, उदयपुर और अजमेर नगर निगमों में 80-80 वार्ड हैं। इन बड़े शहरों के अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों की नगर परिषदों और नगरपालिकाओं में भी मतदान होगा।

जयपुर नगर निगम का चुनाव विशेष रूप से चर्चा में है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर से जुड़े वार्ड नंबर 49 को प्रमुख मुकाबलों में गिना जा रहा है। सामान्य श्रेणी के इस वार्ड में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा ने मौजूदा पार्षद मुकेश शर्मा ‘काका’ को फिर मैदान में उतारा है। वे अपने पिछले कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और संगठन के समर्थन को अपनी ताकत बता रहे हैं।

कांग्रेस ने इस सीट पर वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मसिंह सिंघानिया को उम्मीदवार बनाया है। सिंघानिया इससे पहले चुनाव जीत चुके हैं और इस बार भी जनता के बीच अपने पुराने संपर्क को आधार बनाकर मैदान में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से स्थानीय स्तर पर सफाई, सुरक्षा और दूसरी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं। ऐसे में वार्ड 49 का परिणाम स्थानीय राजनीति के साथ-साथ दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। दूसरे चरण में अजमेर जिले के अजमेर नगर निगम, किशनगढ़ और पुष्कर सहित कई निकायों में मतदान होगा। नागौर क्षेत्र में मेड़ता सिटी, रियाबड़ी, मेड़ता रोड और डेगाना जैसे निकाय शामिल हैं। टोंक जिले में टोंक, मालपुरा, टोडारायसिंह, डिग्गी और लाम्बाहरिसिंहपुरा में भी वोटिंग होगी। ब्यावर, भीलवाड़ा और कोटपूतली-बहरोड़ के कई निकाय भी इस चरण का हिस्सा हैं।

बीकानेर नगर निगम के अलावा श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई निकायों में भी मतदाता वोट डालेंगे। चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में भी दूसरे चरण में चुनाव होना है। पश्चिमी राजस्थान में जोधपुर नगर निगम के साथ जालोर, पाली, सिरोही, जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और फलोदी के विभिन्न निकायों में मतदान होगा। कोटा नगर निगम के साथ बारां, बूंदी और झालावाड़ के निकाय भी चुनावी प्रक्रिया में शामिल हैं। उदयपुर नगर निगम के अलावा कानोड़ और मावली में भी मतदान कराया जाएगा। दक्षिण राजस्थान के बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और सलूंबर के विभिन्न निकायों में मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। वहीं करौली, दौसा, डीग और खैरथल-तिजारा के कई निकाय भी दूसरे चरण में शामिल हैं।

मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अब सभी की नजर मतदान प्रतिशत और चुनावी नतीजों पर रहेगी। दूसरे चरण में बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इसलिए राजनीतिक दलों के लिए यह चरण बेहद अहम माना जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम में बंद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला चुनाव परिणाम आने पर होगा।

 

 

Advertisement