• होम
  • मध्य प्रदेश
  • राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान रघुवीर यादव को,खंडवा गीतों से गूंजेगी

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान रघुवीर यादव को,खंडवा गीतों से गूंजेगी

रघुवीर यादव को हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रधान जी के किरदार ने रघुवीर यादव को नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी बेहद लोकप्रिय बनाया। गांव की राजनीति, रोजमर्रा के जीवन और मानवीय भावनाओं से जुड़े इस किरदार में उनके अभिनय को व्यापक सराहना मिली...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 8, 2026 1:45 pm IST, Published 2 hours ago

मध्य प्रदेश का खंडवा एक बार फिर महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार की यादों, गीतों और संगीत से गूंजने वाला है। किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से 12 और 13 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। पुलिस ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

समारोह के दौरान वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रसिद्ध अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। आयोजन से जुड़े किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन के मुताबिक कार्यक्रम की शुरुआत 12 अक्टूबर की शाम सात बजे गीत-संगीत संध्या ‘ये शाम मस्तानी’ से होगी। इस दौरान खंडवा के युवा गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे और किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों के जरिए उनके संगीत सफर को याद करेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 13 अक्टूबर को शाम सात बजे होगा। किशोर कुमार की पुण्य स्मृति के अवसर पर आयोजित इस समारोह में रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2026 से अलंकृत किया जाएगा। सम्मान समारोह के बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और उनके साथी कलाकार गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार दोनों दिन कार्यक्रम में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। इससे बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों के समारोह में पहुंचने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997 में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से की गई थी। इस सम्मान का उद्देश्य भारतीय सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों और रचनाकारों को सम्मानित करना है। अब तक निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन जैसे क्षेत्रों से जुड़ी 29 हस्तियों को यह सम्मान प्रदान किया जा चुका है। सम्मान के तहत पांच लाख रुपये की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका दी जाती है।

इस वर्ष सम्मान के लिए चुने गए रघुवीर यादव का फिल्म और रंगमंच की दुनिया में लंबा और विविधतापूर्ण सफर रहा है। उनका जन्म 25 जून 1957 को जबलपुर में हुआ। उन्होंने रंगमंच से अभिनय की शुरुआत की और बाद में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली से अभिनय का प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘मैसी साहब’ से उन्हें फिल्मों में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए हिंदी सिनेमा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

रघुवीर यादव ने ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का प्रभाव छोड़ा। उनकी खासियत यह रही कि उन्होंने मुख्यधारा के साथ-साथ गंभीर और यथार्थवादी सिनेमा में भी यादगार भूमिकाएं निभाईं। अभिनय की सहजता और संवाद अदायगी के अलग अंदाज ने उन्हें दर्शकों के बीच खास स्थान दिलाया।

हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रधान जी के किरदार ने रघुवीर यादव को नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी बेहद लोकप्रिय बनाया। गांव की राजनीति, रोजमर्रा के जीवन और मानवीय भावनाओं से जुड़े इस किरदार में उनके अभिनय को व्यापक सराहना मिली। खंडवा में होने वाला यह आयोजन किशोर कुमार की स्मृति को जीवंत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके संगीत और रचनात्मक विरासत से जोड़ने का अवसर भी बनेगा। दो दिनों तक गीत-संगीत और सम्मान समारोह के जरिए खंडवा एक बार फिर अपने उस कलाकार को याद करेगा, जिसकी आवाज और अंदाज आज भी देशभर के संगीत प्रेमियों के बीच उतना ही लोकप्रिय है।

 

Advertisement