मुंबई: मुंबई में आयोजित एक विशेष संगीत संध्या उस समय यादगार बन गई, जब भजन गायक अनुप जलोटा की महत्वाकांक्षी पहल ‘मिशन 500’ के तहत उभरती कलाकार करिश्मा बछाव के भजन “बोलो राम बोलो श्याम” का भव्य अनावरण किया गया। यह कार्यक्रम केवल एक गीत रिलीज तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें पारंपरिक भक्ति संगीत और नई पीढ़ी की प्रतिभा का खूबसूरत मेल देखने को मिला।
करीब 50 वर्षों के अपने संगीत सफर का जिक्र करते हुए अनूप जलोटा ने कहा कि इस भजन को गाना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि ‘मिशन 500’ के जरिए वे भक्ति संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इस अभियान का लक्ष्य दुनियाभर के 500 प्रतिभाशाली भजन गायकों को जोड़ना है, जिसमें अब तक लगभग 100 कलाकार शामिल हो चुके हैं।
इस अवसर पर करिश्मा बछाव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अनूप जलोटा के साथ काम करना उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसा है। उन्होंने कहा कि अपने भजन के रिलीज होने पर उन्हें अपार खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उल्लेखनीय है कि इस पहल की सराहना देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कर चुके हैं। ‘मिशन 500’ का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को अवसर देने के साथ-साथ भारतीय भक्ति संगीत को वैश्विक पहचान दिलाना है।