नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस में 23 अक्टूबर को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। दिल्ली सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत कई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह पुलिस सेवा (DANIPS) के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में सुरक्षा, क्राइम, स्पेशल सेल, आर्थिक अपराध शाखा और विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईपीएस गौरव शर्मा और राहुल मलिक को दिल्ली आने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। वहीं, कई अन्य अधिकारियों को अलग-अलग इकाइयों और जिला पुलिस में नई तैनाती दी गई है।
जारी सूची के मुताबिक, आईपीएस मोनिका भारद्वाज की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है। उन्हें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) के पद से हटाकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एंटीएफ) नियुक्त किया गया है। मोनिका भारद्वाज दिल्ली क्राइम ब्रांच में डीसीपी बनने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी के रूप में भी पहचानी जाती हैं। उनके विभाग में बदलाव को इस प्रशासनिक फेरबदल का एक प्रमुख हिस्सा माना जा रहा है।
आईपीएस प्रवीण कुमार त्रिपाठी को डीसीपी स्पेशल सेल से स्थानांतरित कर पुलिस आयुक्त सचिवालय में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस राजा बंथिया को डीसीपी टेक्नोलॉजी एवं पीआई के साथ डीसीपी आईटी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आईपीएस नेहा यादव से एसपीयूडब्ल्यूएसी का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वह डीसीपी पीएमएमसी के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।
डीएएनआईपीएस अधिकारियों के स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। सुबोध कुमार गोस्वामी को आर्थिक अपराध शाखा के डीसीपी पद से हटाकर दिल्ली पुलिस अकादमी में उपनिदेशक नियुक्त किया गया है। जसबीर सिंह को अतिरिक्त डीसीपी दक्षिण-पूर्व जिले से अतिरिक्त डीसीपी आउटर जिला भेजा गया है। सौरभ चंद्रा को अतिरिक्त डीसीपी द्वारका से अतिरिक्त डीसीपी पश्चिम जिला नियुक्त किया गया है। राम दुलेश मीणा को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, उत्तर जिला से अतिरिक्त डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला में तैनाती दी गई है।
क्राइम और स्पेशल सेल में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। डीएएनआईपीएस अधिकारी आदित्य गौतम को एसीपी क्राइम से पदोन्नत जिम्मेदारी के तहत डीसीपी क्राइम बनाया गया है। डॉ. विकास श्योकंद को प्रतीक्षारत तैनाती से डीसीपी स्पेशल सेल (सीडीसी) नियुक्त किया गया है। मनीष लाडला को एसीपी क्राइम से डीसीपी क्राइम और आशीष कुमार को एसीपी स्पेशल सेल से डीसीपी आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जिम्मेदारी दी गई है। मनु हिमांशु को एसीपी डीई सेल से डीसीपी डीई सेल नियुक्त किया गया है।
सुरक्षा और जिला पुलिस से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी बदलाव हुए हैं। अजय कुमार को अतिरिक्त डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला से डीसीपी सुरक्षा (सीडीसी) बनाया गया है। रोहित गुप्ता को एसीपी सुरक्षा से डीसीपी सुरक्षा (सीडीसी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ए. वेंकटेश को प्रतीक्षारत तैनाती से अतिरिक्त डीसीपी शाहदरा जिला बनाया गया है। विनय माथुर को अतिरिक्त डीसीपी रोहिणी जिला और गुरसेवक सिंह को अतिरिक्त डीसीपी उत्तर जिला नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, मनोज कुमार मीणा को अतिरिक्त डीसीपी आउटर जिला से दक्षिण-पूर्व जिला भेजा गया है। रेनू लता को एसीपी एसपीयूडब्ल्यूएसी से अतिरिक्त डीसीपी एसपीयूडब्ल्यूएसी बनाया गया है। विदुशी कौशिक को सदर बाजार क्षेत्र में एसडीपीओ की जिम्मेदारी से हटाकर अतिरिक्त डीसीपी द्वारका जिला नियुक्त किया गया है। साकारिया मिहिर प्रवीनभाई को एसीपी ऑप्स, दक्षिण-पूर्व जिला से अतिरिक्त डीसीपी आउटर जिला बनाया गया है। गरिमा तिवारी को एसडीपीओ तिलक नगर से डीसीपी डीएसएफ, नई दिल्ली जिला और अतिरिक्त डीसीपी पद पर तैनाती के तहत विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिस इकाइयों और जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास करना है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभालेंगे।