• होम
  • देश
  • अमित शाह का बड़ा ऐलान, यूपी विधानसभा में 650 सीटों का प्रस्ताव

अमित शाह का बड़ा ऐलान, यूपी विधानसभा में 650 सीटों का प्रस्ताव

INDIA गठबंधन के कुछ दलों का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों को आशंका है कि परिसीमन के कारण संसद में उनका...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 28, 2026 6:30 pm IST, Published 14 hours ago
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में इनसे जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की तैयारी कर रही है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की अधिकतमसंख्या 500 से बढ़ाकर लगभग 650 की जा सकेगी। इससे राज्य में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का रास्ता खुलेगा।अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मिली मंजूरी का स्वागत किया।उन्होंने इसे राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन व्यवस्था को आम जनता के करीब लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके तहत राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या की सीमा बढ़ाई जाएगी।

गृह मंत्री ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इस बदलाव से राज्य को अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाने का अवसर मिलेगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश विधानसभा में 403 निर्वाचित सीटें हैं, जबकि संवैधानिक प्रावधानों के तहत अधिकतम सीटों की सीमा 500 है। प्रस्तावित संशोधन के बाद यह अधिकतम सीमा लगभग 650 हो सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उत्तर प्रदेश में तत्काल 650 सीटों पर चुनाव होने लगेंगे। वास्तविक संख्या परिसीमन और संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया के बाद तय होगी।

अमित शाह ने अपने बयान में महिला आरक्षण को भी प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रावधान लागू होने से उत्तर प्रदेश की महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का बड़ा अवसर मिलेगा। उनके अनुसार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से स्थानीय समस्याओं और जरूरतों को सदन में अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

गृह मंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को राजनीति और शासन व्यवस्था में मजबूत भागीदारी देना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का संकल्प रहा है। उन्होंने दावा किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को मिलने वाला 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने से देश की राजनीतिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा। इससे महिलाओं की भूमिका केवल मतदाता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे नीति निर्माण और कानून बनाने की प्रक्रिया मेंभी अधिक सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी।

अमित शाह के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ने से विकास योजनाओं को अधिक समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।महिलाओं से जुड़े मुद्दों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार जैसे विषयों को नीति निर्माण में ज्यादा महत्व मिल सकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलोंसे इस प्रस्तावित व्यवस्था का समर्थन करने की अपील भी की है।

दरअसल, केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संवैधानिक संशोधनों को आगे बढ़ाने के लिए संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुला रही है। सरकार की योजना 30 नवंबर से शुरू होने वाले सत्र में विधेयकों पर चर्चा कराने और उन्हें पारित कराने की है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 2दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी और 3 दिसंबर तक दोनों सदनों में कार्यवाही चल सकती है।

इस मुद्दे पर विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस सहित INDIA गठबंधन के कुछ दलों का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों को आशंका है कि परिसीमन के कारण संसद में उनका राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। वहीं, सरकार का तर्क है कि सीटों की संख्या बढ़ाने से प्रतिनिधित्व के अवसरों का विस्तार होगा।

गौरतलब है कि इस साल अप्रैल में भी सरकार ने इन प्रस्तावों को संसद से पारित कराने की कोशिश की थी, लेकिन संविधान संशोधन विधेयक को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। इसके बाद प्रस्तावित प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब सरकार नए सिरे से विधेयकों को संसद में लाने की तैयारी कर रही है।

अमित शाह के ताजा बयान के बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संभावित संख्या को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को कितना समर्थन मिलता है और परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था पर सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बन पाती है या नहीं।

 

Advertisement