लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्साधिकारियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गंभीर लापरवाही पाए जाने पर 5 चिकित्साधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि CMO समेत 16 चिकित्साधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई की गई है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।
बर्खास्त किए गए चिकित्साधिकारियों में गोरखपुर की डॉ. अलकनन्दा, कुशीनगर के डॉ. रामजी भरद्वाज, बलरामपुर के डॉ. सौरभ सिंह,अमेठी के डॉ. विकलेश कुमार शर्मा और औरैया की डॉ. मोनिका वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा दो लापरवाह चिकित्साधिकारियों को परिनिन्दा का दंड दिया गया है, जबकि एक चिकित्साधिकारी की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है।
सरकार के इस कड़े कदम को स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षणों में सामने आई खामियों के बाद यह कार्रवाई की गई है।