गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में विकास को नई दिशा देने के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) मिलकर विकसित करेंगे। दोनों संस्थाएं इस परियोजना में बराबर यानी 50-50 प्रतिशत की भागीदारी निभाएंगी।
यह प्रस्तावित स्टेडियम भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा। इससे न सिर्फ खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गाजियाबाद को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान भी मिलेगी।
स्टेडियम के साथ ही आसपास के क्षेत्र में आधुनिक व्यावसायिक एरोसिटी टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा करीब सात किलोमीटर दूर हरनंदीपुरम आवासीय योजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा।
इस पूरे विकास रोडमैप को लेकर जीडीए सभागार में हुई बैठक में कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इन फैसलों के जरिए शहर में खेल, आवास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।