मुंबई/पालघर: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ में नजर आ चुकीं 22 साल की युवा एक्ट्रेस संचिता उगले ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक, एक्ट्रेस का शव उनके घर में सीलिंग फैन (छत के पंखे) से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला।
संचिता अपने माता-पिता के साथ महाराष्ट्र के पालघर में रहती थीं। एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) को बताया कि घटना के समय वे घर पर अकेली थीं।
पुलिस की जांच: सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
संदिग्ध कुछ नहीं: मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही कोई संदिग्ध चीज मिली है।
पिता का बयान: संचिता के पिता ने अपनी बेटी की मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस फिलहाल एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर थीं एक्टिव: संचिता के इस आत्मघाती कदम से उनके फैंस गहरे सदमे में हैं, क्योंकि मौत से महज कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक हंसती-मुस्कुराती रील पोस्ट की थी। इस वीडियो में वे ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक और डांस करती नजर आ रही थीं। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा था— ‘मैं नाचूं, तू नचा।’ इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख 39 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जो अब उनके कमेंट सेक्शन में नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बेहद कम उम्र में संचिता ने टीवी से लेकर बॉलीवुड फिल्मों तक अपनी पहचान बना ली थी। उनके करियर पर एक नजर:
लोकप्रिय टीवी शोज: ‘कुमकुम भाग्य’ (जिसमें उन्होंने ‘दिया’ का किरदार निभाया था), ‘वागले की दुनिया’ और दंगल टीवी का शो ‘साजन घर में’। इसके अलावा वे ‘दिलवाले दूल्हा ले जाएंगे’ शो में लीड रोल में थीं।
बॉलीवुड फिल्में: संचिता ने विक्की कौशल और अक्षय खन्ना स्टारर ऐतिहासिक फिल्म ‘छावा’ में ‘ताराबाई’ का अहम किरदार निभाया था। इसके अलावा वे मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ का भी हिस्सा रही थीं।
इतने शानदार करियर और सोशल मीडिया पर खुशमिजाज दिखने वाली संचिता ने आखिर यह कदम क्यों उठाया, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।