लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रेस वार्ता के दौरान राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में छात्र लगातार मानसिक दबाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं, जिससे कई चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं।
अजय राय ने दावा किया कि हाल के समय में लगभग एक दर्जन छात्रों ने आत्महत्या जैसे कदम उठाए हैं, जो शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं बार-बार सामने आई हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थी लगातार मानसिक अवसाद में हैं ,BJP सरकार में 6 बार NEET पेपर लीक हुआ है |
उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के मामले में भी सरकार की भूमिका पर सवाल उठते हैं। उनके अनुसार, जांच को प्रभावित करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिससे मामले की पारदर्शिता पर संदेह पैदा होता है।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, ताकि छात्रों का भरोसा बहाल हो सके।