नई दिल्ली/मुंबई: मुंबई में लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है। रविवार सुबह मायानगरी के कई इलाकों में सीजन की पहली अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, जून की शुरुआत में मानसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन वह पिछले कुछ दिनों से सोलापुर के पास अटका हुआ था। अब पश्चिमी घाट पर सक्रिय हुए मजबूत बादलों के चलते मुंबई समेत आसपास के इलाकों में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
देशभर में मानसून की रफ्तार की बात करें तो पिछले 15 दिनों में यह करीब 19 राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है। हालांकि, उत्तर प्रदेश और बिहार के बॉर्डर पर स्थित महराजगंज के पास मानसून पिछले नौ दिनों से रुका हुआ है।
राहत की उम्मीद: मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि एक नया अनुकूल वेदर सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है, जिससे 23 जून के आसपास यह रुकावट दूर हो जाएगी। इसके बाद मानसून ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ और हिस्सों की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
आमतौर पर देश की राजधानी दिल्ली में मानसून 27 जून के आसपास दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार दिल्लीवालों को मानसूनी फुहारों के लिए जुलाई के पहले हफ्ते तक का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
दूसरी तरफ, पूर्वोत्तर के राज्यों में आसमान से आफत बरस रही है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के लिए भारी से मूसलाधार बारिश का ‘रेड और ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन राज्यों के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा दक्षिण भारत के राज्यों- केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अगले 48 घंटों के भीतर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
एक ओर जहां आधा देश प्री-मानसून और मानसून की बारिश से भीग रहा है, वहीं करीब 8 राज्यों में अभी भी सूरज की तपिश और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इन इलाकों में हल्की मानसूनी हलचल के बावजूद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
बांदा (उत्तर प्रदेश): 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
प्रयागराज, खजुराहो और ब्रह्मपुरी: यहाँ भी पारा 42 से 43 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया।
IMD का ताजा अनुमान: अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र गंभीर हीटवेव (लू) की चपेट में रहेगा, जबकि बिहार, गुजरात, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।