नई दिल्ली। साइबर अपराध और कथित ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करते हुए CBI ने देशभर में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान शुरू किया है। एजेंसी की विशेष टीमें 16 राज्यों में करीब 80 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, CBI ने गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी है। इस अभियान में एजेंसी की लगभग 60 विशेष टीमें शामिल हैं, जो साइबर ठगी और डिजिटल माध्यम से लोगों को निशाना बनाने वाले नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक गिरफ्तारी कोलकाता और दूसरी चेन्नई से की गई है। जांच एजेंसियां डिजिटल ठगी से जुड़े वित्तीय लेन-देन, तकनीकी नेटवर्क और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।
CBI का यह अभियान साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रही व्यापक कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। एजेंसी द्वारा विभिन्न राज्यों में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई किए जाने की संभावना है।