महाराष्ट्र में परीक्षा से ठीक पहले TET पेपर लीक

 सरकार ने एग्जाम किया रद्द, ठाणे से बरामद हुआ था प्रश्नपत्र मुंबई। महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर परीक्षा से महज 24 घंटे पहले लीक हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने तुरंत एक्शन लिया और परीक्षा को स्थगित करने का फैसला […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 27, 2026 7:01 pm IST, Published 2 hours ago

 सरकार ने एग्जाम किया रद्द, ठाणे से बरामद हुआ था प्रश्नपत्र

मुंबई। महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर परीक्षा से महज 24 घंटे पहले लीक हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने तुरंत एक्शन लिया और परीक्षा को स्थगित करने का फैसला किया है। काउंसिल के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।

ठाणे में छापेमारी, कई लोग हिरासत में

पुलिस को परीक्षा से ठीक पहले पेपर लीक होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने ठाणे के भिवंडी इलाके में कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रश्नपत्र बरामद किया, जिसके बाद एग्जामिनेशन काउंसिल के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जब्त पेपर का मिलान कराया गया। वेरिफिकेशन में पेपर लीक होने की पुष्टि होते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

4.28 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों को झटका

इस परीक्षा में राज्यभर से 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे। महाराष्ट्र में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए या जो पहले से ही सरकारी शिक्षक के तौर पर कार्यरत हैं, उनके लिए भी TET पास करना अनिवार्य (कंपलसरी) है। परीक्षा टलने से उम्मीदवारों को बड़ा झटका लगा है।

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बाद भी सेंधमारी

हैरानी की बात यह है कि प्रशासन की ओर से शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए बेहद कड़े और आधुनिक इंतजाम किए गए थे, जिसके बावजूद लीक गैंग ने इसमें सेंध लगा दी।

परीक्षा के लिए किए गए बड़े इंतजाम:

  • क्रेद्रों की संख्या: राज्यभर में कुल 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

  • AI निगरानी: सुरक्षा के लिए 18,000 AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित CCTV कैमरे लगाए गए थे, जिनकी निगरानी सीधे राज्य और जिला कंट्रोल रूम से की जा रही थी।

  • बायोमेट्रिक चेकिंग: उम्मीदवारों के प्रवेश के लिए बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन (चेहरा पहचानने वाली तकनीक) की व्यवस्था थी।

  • कड़ा पहरा: मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ-साथ मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह रोक थी। पहचान पत्र के तौर पर पैन, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज अनिवार्य किए गए थे।

देश में लगातार सामने आ रहे हैं मामले पिछले 5 सालों पर नजर डालें तो देश में पेपर लीक के 10 बड़े मामले सामने आ चुके हैं। इनमें राजस्थान की रीट (REET) परीक्षा, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा और हाल ही में मई 2026 में देशव्यापी चर्चा का विषय बनी नीट यूजी (NEET-UG) परीक्षा जैसे बड़े एग्जाम्स शामिल हैं। अब इस लिस्ट में महाराष्ट्र TET का नाम भी जुड़ गया है।

Advertisement