• होम
  • बिहार
  • बिहार में जदयू नेता के गोल्ड शोरूम से 40 करोड़ के गहनों की लूट

बिहार में जदयू नेता के गोल्ड शोरूम से 40 करोड़ के गहनों की लूट

8 हथियारबंद बदमाशों ने 15 मिनट में दिया वारदात को अंजाम बेतिया। बिहार के बेतिया में अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता राजेश कुशवाहा के गोल्ड शोरूम में आठ हथियारबंद बदमाशों ने धावा […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 19, 2026 1:30 am IST, Published 6 minutes ago

8 हथियारबंद बदमाशों ने 15 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

बेतिया। बिहार के बेतिया में अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता राजेश कुशवाहा के गोल्ड शोरूम में आठ हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। अपराधी करीब 10 से 15 मिनट के भीतर करोड़ों रुपये के सोने और कीमती गहने लूटकर फरार हो गए। शोरूम संचालक के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये है।

जानकारी के अनुसार, बदमाश तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शोरूम पहुंचे थे। सभी के पास हथियार थे। शोरूम में घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को डराकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी कर्मचारियों को एक जगह बैठा दिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए, ताकि कोई तत्काल पुलिस या अन्य लोगों को सूचना न दे सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने बेहद कम समय में शोरूम में रखे कीमती आभूषण समेट लिए। इसके बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने जाते-जाते ऐसी धमकी दी, जिससे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। उन्होंने कहा, “ये तो ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी है। हम फिर आएंगे।”

पूर्व डिप्टी सीएम के घर के पास हुई वारदात

इस लूट की घटना ने इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं, क्योंकि जिस गोल्ड शोरूम को निशाना बनाया गया, उसके ठीक बगल में बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी का आवास स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही रेणु देवी भी मौके पर पहुंचीं। इतनी सुरक्षित माने जाने वाली जगह के पास दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

DIG और SSP ने संभाली जांच की कमान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी हरकिशोर राय और एसएसपी सहित पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

डीआईजी हरकिशोर राय के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस एक से दो दिनों के भीतर आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब हो सकती है।

करोड़ों की लूट से व्यापारियों में दहशत

बेतिया में हुई इस बड़ी लूट ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर हथियारबंद अपराधी इतने कम समय में बड़े शोरूम को निशाना बनाकर फरार हो सकते हैं, तो आम दुकानदारों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस वारदात में कितने गहने लूटे गए और उनकी वास्तविक कीमत कितनी है, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

Advertisement