नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी में कार पूलिंग और साझा यात्रा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली सचिवालय से IGI टर्मिनल-3 के लिए Uber की ‘Uber Airport Share’ सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस पहल का उद्देश्य ट्रैफिक दबाव कम करना, ईंधन की बचत करना और लोगों को साझा परिवहन के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि वैश्विक ईंधन परिस्थितियों को देखते हुए साझा यात्रा की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
सरकार ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनभागीदारी के आह्वान को आगे बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। दिल्ली सरकार के “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत लोगों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उबर की टीम की सराहना करते हुए कहा गया कि इस तरह की सेवाएं राजधानी में स्मार्ट और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेंगी। सरकार का मानना है कि कार पूलिंग सेवाओं से सड़क पर वाहनों की संख्या कम होगी, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक जाम दोनों में राहत मिल सकती है।