नई दिल्ली: पालम गांव स्थित दादा देव मंदिर के सत्संग भवन में पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में दिल्ली देहात के समस्त ग्रामवासियों द्वारा राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर एवं डॉ. सतीश पूनिया के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दिल्ली देहात के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में दोनों राज्यसभा सांसदों का फूल-मालाओं, पगड़ी और स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान दिल्ली देहात के विकास, किसानों के हित और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया दोनों किसान परिवारों से जुड़े हैं और ग्रामीण समाज की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों राज्यसभा सांसद संसद में दिल्ली देहात के किसानों, ग्रामीणों और गांवों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे तथा सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नजफगढ़ की विधायक नीलम कृष्ण पहलवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने का लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अलका गुर्जर को राज्यसभा भेजकर महिलाओं को सम्मान और नई पहचान देने का काम किया गया है, जिससे महिला शक्ति का मनोबल और बढ़ा है।
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने उन्हें दिल्ली देहात और किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को केंद्र सरकार और संबंधित मंचों पर पूरी मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने में दिल्ली देहात के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इसमें चौधरी सुरेंद्र सोलंकी की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि दिल्ली देहात के लोगों ने जिस विश्वास के साथ भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया है, वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
इस अवसर पर चौधरी नरेश प्रधान (लाडो सराय-96), चौधरी धारा सिंह प्रधान (बवाना बावनी), चौधरी रणबीर खत्री प्रधान (नरेला-17), वेदपाल मान प्रधान (खेड़ा जट राणा-9), सुरेश शौकीन प्रधान (नांगलोई नौगांव), रविंद्र सोलंकी (जिला अध्यक्ष, महरौली), राज शर्मा (जिला अध्यक्ष, नजफगढ़), ओमवीर प्रधान (दादा देव मंदिर कमेटी), रामचंद्र पहलवान (प्रधान, गौशाला नजफगढ़), सुषमा पवन रथी (डिप्टी चेयरमैन, नजफगढ़ जोन) तथा सीमा पंडित (निगम पार्षद, पालम) सहित अनेक प्रमुख जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह का समापन दिल्ली देहात के विकास, किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।