सूरत। गुजरात के सूरत जिले के कोसांबा इलाके में तीन महिलाओं की हत्या का करीब चार साल बाद खुलासा हुआ है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और कोसांबा पुलिस ने वडफालिया गांव में एक घर के आंगन से मानव कंकाल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में घर के रहने वाले माधवदास और उसकी पत्नी उर्मिला पर तीनों महिलाओं की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उर्मिला की नानी शांताबेन गंभीरभाई वसावा, उसकी बहन भगवतीबेन वसावा और माधवदास की मां मंजुलाबेन भक्तिराम साधु के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब माधवदास ने अपनी पत्नी उर्मिला को हत्या के मामले में फंसाने के लिए पुलिस में शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस को उसकी शिकायत पर संदेह हुआ। इसके बाद पूछताछ की गई, जिसमें कथित तौर पर चार साल पुराने तीन हत्याकांड का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने घर के आंगन में खुदाई कर मानव अवशेष बरामद किए। पुलिस अब बरामद कंकालों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों घटनाएं वर्ष 2022 में हुई थीं।
पहली हत्या: 25 फरवरी 2022 को उर्मिला की बहन भगवतीबेन वसावा की मौत हुई। पुलिस का आरोप है कि दंपती ने तकिए से उनका मुंह दबाकर हत्या की। भगवतीबेन टीबी से पीड़ित थीं। आरोप है कि हत्या के बाद उनकी मौत को बीमारी से हुई मौत बताया गया और शव को दफना दिया गया।
दूसरी हत्या: 19 जुलाई 2022 को माधवदास की मां मंजुलाबेन भक्तिराम साधु की मौत हुई। वह पैरालिसिस के बाद बिस्तर पर थीं। पुलिस के अनुसार, दंपती ने कथित तौर पर तकिए से उनका मुंह दबाया और बाद में उनकी मौत को बीमारी से हुई मौत बताया।
तीसरी हत्या: 7 अक्टूबर 2022 को उर्मिला की नानी शांताबेन गंभीरभाई वसावा की मौत हुई। पुलिस का आरोप है कि सोते समय तकिए से उनका मुंह दबाया गया और हत्या के बाद शव को ड्रम में छिपा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शांताबेन के शव को एक ड्रम में रखा गया था। इसके बाद ड्रम में सीमेंट और पानी डालकर उसे सील कर दिया गया। करीब साढ़े तीन महीने बाद कथित तौर पर ड्रम को खोला गया और शव को सीमेंट के ब्लॉक समेत घर के बरामदे में खोदे गए गड्ढे में दफना दिया गया।
इसके ऊपर भी सीमेंट की परत डाल दी गई थी। पुलिस के अनुसार, शांताबेन की मौत छिपाने के लिए रिश्तेदारों को बताया गया था कि उनकी मौत कोरोना संक्रमण के दौरान हुई थी। पुलिस अब पूरे मामले में हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।