भूस्खलन से बंद हुआ पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग

 मंडी की ओर यातायात प्रभावित मंडी | हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कोटरोपी के पास मंगलवार शाम नाले के साथ हुए भूस्खलन से सड़क का एक हिस्सा धंसने का खतरा पैदा हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र पहले […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 29, 2026 8:44 am IST, Published 44 minutes ago

 मंडी की ओर यातायात प्रभावित

मंडी | हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कोटरोपी के पास मंगलवार शाम नाले के साथ हुए भूस्खलन से सड़क का एक हिस्सा धंसने का खतरा पैदा हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र पहले भारी वाहनों और बाद में सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी।

बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर डाइवर्जन बनाने का कार्य शुरू कराया। निर्माण कार्य के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। हालांकि, स्थिति सामान्य होने तक सीमित संख्या में छोटे वाहनों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है।

इस बीच यात्रियों के लिए राहत देने वाला वैकल्पिक मार्ग घटासनी–झटिंगरी–कटिंडी भी मलबा गिरने के कारण बंद हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने मशीनरी मौके पर भेजी और मार्ग से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार तक 58 सड़क मार्ग बाधित हो चुके थे। विभिन्न स्थानों पर सड़क बहने, मलबा गिरने और भूस्खलन की घटनाओं के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य लें और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। एनएचएआई और प्रशासन की टीमें प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हुई हैं।

Advertisement