रांची: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कई नई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे। हवाई अड्डे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और विशेष फीचर वॉल का अनावरण किया गया, जिसे झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय गौरव को दर्शाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए उड़ान यात्री कैफे, किड्स जोन, फ्लाईबरी लाइब्रेरी और एवीएसएआर काउंटर जैसी नई सुविधाएं भी शुरू की गईं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे केवल यात्रा के केंद्र नहीं होने चाहिए, बल्कि उन्हें उस राज्य की संस्कृति और पहचान को भी दर्शाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रांची एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को अब भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणादायक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 के बाद देश में हवाई अड्डों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है और झारखंड में भी हवाई यात्री यातायात तथा कार्गो सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मंत्री ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रांची एयरपोर्ट के टर्मिनल विस्तार और रनवे क्षमता बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत सुरक्षा होल्ड एरिया का विस्तार, अतिरिक्त पार्किंग एप्रन और समानांतर टैक्सी ट्रैक जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उड़ान योजना के तहत झारखंड के कई अन्य शहरों में भी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे।