नई दिल्ली: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। विमान कुछ समय के लिए बुरी तरह हिलने लगा और यात्रियों के अनुसार करीब 2 से 3 मिनट तक स्थिति बेहद डरावनी रही। हालांकि पायलट ने सूझबूझ से विमान को नियंत्रित किया और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
घटना में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि कुछ यात्रियों को आगे के इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह है कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक विमान को तेज झटके लगने लगे। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक विमान तेजी से ऊपर-नीचे और दाएं-बाएं हिलने लगा, जिससे कई लोग अपनी सीटों से उछल गए। यात्री के अनुसार, करीब 15 से 20 लोगों को अधिक चोटें आईं, जबकि बड़ी संख्या में यात्रियों को मामूली चोटें लगीं।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान की अंदरूनी छत (सीलिंग) के पैनलों में दरारें दिखाई दीं। वहीं एक एयर होस्टेस की गर्दन में चोट लगने के कारण उसे नेक ब्रेस पहनाया गया। घायल यात्रियों को व्हीलचेयर और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
टर्बुलेंस वह स्थिति होती है जब हवा का प्रवाह अचानक बदल जाता है, जिससे विमान को तेज झटके महसूस होते हैं। इस दौरान विमान कुछ समय के लिए ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिल सकता है और कभी-कभी कुछ फीट नीचे भी आ सकता है। इससे यात्रियों को ऐसा महसूस होता है कि विमान गिर रहा है, जबकि अधिकांश मामलों में विमान पूरी तरह सुरक्षित रहता है और पायलट स्थिति को नियंत्रित कर लेते हैं।
फिलहाल एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। घटना की जांच शुरू कर दी गई है ताकि टर्बुलेंस के दौरान हुई परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।