नई दिल्ली: आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹942 हो गई है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमतों में ₹60 का इजाफा किया गया था। इस प्रकार, मात्र 90 दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर ₹89 महंगा हो चुका है।
न्यूज एजेंसी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की बढ़ती लागत और घरेलू बिक्री पर हो रहे घाटे के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।
घाटे का गणित: सूत्रों का दावा है कि सरकारी तेल कंपनियों को प्रति सिलेंडर लगभग ₹703 का नुकसान हो रहा था। इस ताजा बढ़ोतरी से केवल आंशिक भरपाई ही हो पाएगी।
छोटे सिलेंडर भी महंगे: 5 किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी ₹11 का इजाफा किया गया है, जिससे इसकी नई कीमत ₹821.50 हो गई है।
रसोई गैस ही नहीं, बल्कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं:
पेट्रोल-डीजल: मई महीने में इनमें कुल ₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
CNG: सीएनजी की कीमतों में भी लगभग ₹6 प्रति किलो का उछाल आया है।
कंपनियों का कहना है कि वे अभी भी पेट्रोल पर ₹11 और डीजल पर ₹33.6 प्रति लीटर का नुकसान झेल रही हैं, क्योंकि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है।