• होम
  • देश
  • फिक्की सम्मेलन में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, वैश्विक बाजार में छाएंगे भारतीय उत्पाद

फिक्की सम्मेलन में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, वैश्विक बाजार में छाएंगे भारतीय उत्पाद

मोदी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के महत्व को समझाते हुए महात्मा गांधी के विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन और आर्थिक व्यवस्था का हिस्सा बनाना चाहिए। देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय उद्योगों और रोजगार को मजबूती मिल सकती है।

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 19, 2026 12:12 pm IST, Published 24 seconds ago

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश में आर्थिक विकास की गति तेज हुई है और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को आने वाले समय में वैश्विक बाजार की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए खुद को तैयार करना होगा। इसके लिए भारतीय उद्योगों को उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और नवाचार पर विशेष ध्यान देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का विषय ‘भारत 2047’ रखा गया है। सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, कंपनियों के प्रमुखों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, राजनयिकों और नीति निर्माताओं सहित 2,500 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक संभावनाओं, औद्योगिक विकास, निर्यात, कृषि निवेश और आत्मनिर्भरता के महत्व पर अपने विचार रखे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संस्थानों के अनुमान के मुताबिक भारत की आर्थिक विकास दर लगभग सात प्रतिशत रहने की उम्मीद है। यह देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और विकास की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने उद्योग जगत से अपील की कि वह केवल घरेलू बाजार तक अपनी सोच सीमित न रखे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की मजबूत पहचान बनाने के लिए काम करे। उनका कहना था कि दुनिया की मांग को पूरा करने की क्षमता विकसित करना भारत के लिए एक बड़ा अवसर है।

मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि आने वाले दो दशकों में निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए निजी क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उद्योगों को नई तकनीक अपनाने, उत्पादन बढ़ाने और रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में आगे आना होगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, किसानों की आय, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उद्योग जगत को इस क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने निर्यात के मोर्चे पर भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में देश का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो किसी एक महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान मजबूत करने के लिए गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर लगातार काम करना होगा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने की उपलब्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी संस्था का एक सदी तक सक्रिय रहना और बदलती आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को विकसित करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। फिक्की की स्थापना सात अप्रैल 1927 को हुई थी और संस्था 2026-27 में अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। मोदी ने इसके संस्थापकों, पूर्व पदाधिकारियों और वर्तमान सदस्यों के योगदान की सराहना की।

देश की आर्थिक यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अलग-अलग दौर में कई चुनौतियों का सामना किया है। देश ने लाइसेंस और कोटा आधारित व्यवस्था से लेकर राष्ट्रीयकरण के प्रयोग और बाद में आर्थिक कमजोरी की चुनौतियों तक का दौर देखा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किसानों, श्रमिकों, युवाओं और उद्योग जगत के प्रयासों से देश की आर्थिक स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। गरीबी उन्मूलन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बेहतर नीतियों और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने 1970 के दशक में दिए गए गरीबी हटाओ के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल नारे देने से बदलाव नहीं आता, बल्कि इसके लिए प्रभावी नीतियां और ईमानदार प्रयास जरूरी होते हैं।

मोदी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के महत्व को समझाते हुए महात्मा गांधी के विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन और आर्थिक व्यवस्था का हिस्सा बनाना चाहिए। देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय उद्योगों और रोजगार को मजबूती मिल सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की में किसान, छोटे उद्यमी, उद्योगपति, करदाता और रोजगार पैदा करने वाले लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन सभी वर्गों का सम्मान और सहयोग जरूरी है। उन्होंने उद्योग जगत से सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की। प्रधानमंत्री के संबोधन का मुख्य संदेश यही रहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकार, उद्योग, किसान और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।


Advertisement