नई दिल्ली: देश के जाने-माने सोशल एक्टिविस्ट और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने एक चौंकाने वाला राजनीतिक और सामाजिक कदम उठाया है। वांगचुक ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की मांगों और उनकी विचारधारा को अपना खुला समर्थन दे दिया है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने खुद इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है।
सोनम वांगचुक ने वीडियो में कहा कि उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके से विस्तार से बात की है। वांगचुक ने कहा, “अभिजीत से बात करके मुझे यह पूरी तरह अहसास हुआ कि उनकी मंशा बिल्कुल गलत नहीं है। वे एक सच्चे देशप्रेमी हैं और देश की व्यवस्था में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव चाहते हैं।”
सोनम वांगचुक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीधे तौर पर सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने कहा कि अभिजीत दिपके आगामी 6 जून को दिल्ली में देशव्यापी प्रदर्शन के लिए लोगों को जुटा रहे हैं। वांगचुक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी, “अगर 5 जून तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 6 जून को मैं खुद दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर CJP के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होऊंगा।”
इधर, आंदोलन की कमान संभाल रहे CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका में हैं और 6 जून को भारत लौट रहे हैं। 1 जून को ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने इरादे साफ कर दिए थे कि वे दिल्ली आते ही शिक्षा मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
अभिजीत ने अपनी रणनीति साझा करते हुए बताया कि वे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही किसी घर या होटल जाने के बजाय सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे। वहां वे पुलिस प्रशासन से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की आधिकारिक इजाजत मांगेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों और आम जनता से भारी संख्या में एयरपोर्ट पर जुटने और इस प्रदर्शन को सफल बनाने की पुरजोर अपील की है।