• होम
  • देश
  • मौसम अलर्ट: 15 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी

मौसम अलर्ट: 15 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी

70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं तेज हवाएं नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 14 घंटों के दौरान 15 राज्यों में तेज बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 18, 2026 10:05 am IST, Published 1 hour ago

70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं तेज हवाएं

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 14 घंटों के दौरान 15 राज्यों में तेज बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में 18 और 19 जुलाई को तेज बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, अयोध्या, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं बिहार के पटना, गया, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

पूर्वी और मध्य भारत में भी असर

झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तमिलनाडु में हीटवेव जैसी स्थिति

जहां देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, वहीं तमिलनाडु के चेन्नई में 18 जुलाई तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अल नीनो से जुड़े वायुमंडलीय प्रभाव के कारण बादल कम बन रहे हैं, जिससे जुलाई में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली गिरने के समय खुले क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Advertisement