नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उत्तर, पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के तमाम इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि दूसरी ओर राजस्थान में मानसून के कमजोर रहने और मौसम के ज्यादातर शुष्क बने रहने के आसार हैं।
भारी बारिश वाले राज्य: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
आंधी-बिजली का अनुमान: पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की उम्मीद है। इसके अलावा गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के झोंके चल सकते हैं।
दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि सोमवार के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है। पूरे सप्ताह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
हिमालयी क्षेत्रों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी सोमवार को भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आने वाले सप्ताह के दौरान मानसून के कमजोर रहने और मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम ही रहेंगी। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।