बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही एंबुलेंस पहले से खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53.3वें किलोमीटर पर हुई। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक राहगीर ने 112 कंट्रोल रूम को फोन कर हादसे की सूचना दी। बताया गया कि एंबुलेंस लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे पहले से खड़ी पिकअप में एंबुलेंस पीछे से टकरा गई।
जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी एंबुलेंस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार लोग जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। रास्ते में बाराबंकी के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी पांच लोगों को एंबुलेंस से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांचों मृतकों की हुई पहचान
हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में राजस्थान और पश्चिम बंगाल के रहने वाले लोग शामिल हैं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
हरि ओम योगी, निवासी पीपल खेड़, अलवर (राजस्थान)।
अमिनूर हक, निवासी मध्य बाला भूत, कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)।
रूपिक, निवासी मुलि वाला भूत, कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)।
मकबूल खान, निवासी जवाहर नगर कच्ची बस्ती, जयपुर (राजस्थान)।
आलम, एंबुलेंस चालक, निवासी सुल्तानगंज, कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और हैदरगढ़ क्षेत्राधिकारी समीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। सुबेहा थाना निरीक्षक बेचू सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एंबुलेंस सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक्सप्रेसवे पर खड़ी पिकअप से एंबुलेंस की टक्कर कैसे हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों से होने वाले सड़क हादसों और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।